hello
Tuesday, March 6, 2012
kataria goes to presidentship
Mr. Parveen Kataria join the bharat mukti murcha and he is the new president of sirsa
Tuesday, February 21, 2012
बैरागी समाज संगठन की बैठक संपन्न
सिरसा। जिला बैरागी समाज संगठन की कार्यकारिणी बैठक गत दिवस स्थानीय सी.एम.के. कॉलेज के नजदीक स्थित स्काई स्टार पत्रिका के कार्यालय में प्रधान रामस्वरूप स्वामी रिसालिया खेड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रधान रामस्वरूप स्वामी ने बताया कि बैरागी समाज संगठन अब पंजीकृत हो गई है तथा संगठन का मुख्य उद्देश्य बैरागी समाज के सभी बन्धुओं को आपस में जोडऩे के लिए समय-समय पर नुक्कड़ सभाएं आयोजित करना तथा बिरादरी व धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ आपसी सुख-दुख में तालमेल स्थापित करते हुए सभी बन्धुओं का अधिक-से-अधिक संख्या में एकत्रित होने के लिए प्रयास करना है। बैठक में रामपुरा बिश्नोईयां के पूर्व सरपंच सोहनलाल, सतपाल जमाल, हरीराम ढुकड़ा, आदराम कनिष्ठ अभियन्ता, महावीर प्रसाद सोडा, प्रकाश पटवारी, महेन्द्र स्वामी तथा स्काई स्टार पत्रिका के सम्पादक आसाराम स्वामी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
शिवरात्रि के अवसर पर समिति द्वारा कीर्तन आयोजित
सिरसा। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मां दुर्गा दरबार सेवा समिति, एडीशनल मंडी की ओर से स्थानीय ए-ब्लाक में स्थित एकता पार्क में शिवलिंग के समक्ष भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इससे पूर्व दरबार में दिनभर भगवान शिव का जाप किया गया। वहीं पार्क में शिव भक्तों ने सुबह से शाम तक शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। शाम ढलने के बाद भक्तों ने पूजा अर्चना की। कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए दरबार के प्रवक्ता ओम ठकराल ने बताया कि दरबार की संचालिका किरण मंूड के दिशा-निर्देश पर पार्क में महाशिवरात्रि पर्व पर भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान दरबार के सैकड़ों भक्तों ने रात 9 बजे से लेकर रात्रि एक बजे तक भगवान शिव के भजन गए। अंजू ग्रोवर, प्रवीन और सपना द्वारा गाए गए इन भजनों पर सभी भक्त झूम उठे। रात को सवा बारह बजे दूसरे पहर की पूजा की गई। इस दौरान भक्तों ने जल, दूध, भांग, फल इत्यादि चढ़ाए। उसके बाद भोले बाबा की आरती की गई। इस अवसर पर साहबराम मंूड, रमेश मेहता आढ़ती, सुभाष मेहता, श्याम मेहता, नरेश सेठी, राजेश मेहता, अलका डूमरा, रेणू, अनीता सहित सैकड़ों भक्त मौजूद थे।
भारद्वाज बने शूटिंग बॉल एसोसिएशन के प्रधान
सिरसा। रेलवे क्लब में शूटिंग बाल एसोसिएशन के सर्व सम्मति से हुए चुनावों में क्लब के वरिष्ठ सदस्य आर. के. भारद्वाज को प्रधान चुना गया । इस मौके पर हुई चुनावी बैठक में क्लब के सभी खिलाड़ी उपस्थित थे । श्री भारद्वाज को प्रधान चुनने के पश्चात रणजीत सिंह मोंगा को महासचिव, जसवंत सिंह बराड़ वरिष्ठ उपप्रधान, दलीप सिंह व बदन सिंह मंडल को उपप्रधान, भरत राज सचिव, गीता मंडल संयुक्त सचिव, बंता सिंह कोषाध्यक्ष व मा. लेखराज को प्रचार सचिव चुना गया । इसके अलावा कार्यकारिणी में नरेन्द्र मैहता, ओमप्रकाश लूना, अशोक कंबोज, रणबीर सिंह राणा, सुभाष सेतिया, राजेश कस्वां, रामकुमार, सुभाष फुटेला, धर्मेन्द्र चन्नी, शंटी कुक्कड़ व बलवंत गांधी को लिया गया। इस अवसर पर नवगठित शूटिंग बाल एसोसिएशन के सदस्यों को संबोधित करते हुए प्रधान आर. के. भारद्वाज ने कहा कि आगामी 3-4 मार्च को रेलवे क्लब में ऑल इंडिया शूटिंग बाल प्रतियोगिता करवाई जाएगी। जिसमें कई राज्यों की टीमें भाग लेने के लिए सिरसा पहुंचेंगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को 11 हजार रूपए व दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 71 सौ रूपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा बाहर से आने वाली टीमों को किराया भत्ता, उनके रहने व खाने-पीने का इंतजाम भी एसोसिएशन की ओर से किया जाएगा ।
गृहस्थ में रहकर भी हो सकती है ईश्वर प्राप्ति: रघुबीर
सिरसा। अखिल भारतीय श्री राम-मुलख-दयाल योग प्रचार समिति के प्रधान योगाचार्य गुरू रघुबीर महाराज ने महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर दिव्य योग साधना मन्दिर कोटली में उपस्थित साधकों को अपने सम्बोधन में फरमाया कि भगवान शंकर नर में नारायण हैं। उनकी पवित्र मूर्त को देखते ही ध्यान लगने लग जाता है तथा शरीर में एक दिव्य मस्ती का अनुभव होने लगता है। उनका ध्यान करने से पाप स्वत: ही जलते हैं और पुण्यों का विस्तार होता है। पाप मनुष्य को गिराते हैं और पुण्य स्वर्ग की ओर लेकर जाते हैं। उनकी महिमा अपरम्पार है। रघुबीर महाराज ने बताया कि शकंर भगवान ने काम को जीता है। वे आदर्श गृहस्थ हैं। उनके परम पवित्र जीवन से भारतीय समाज को यह प्रेरणा मिलती है कि भोले भगवान की तरह हम भी गृहस्थ में रहकर ईश्वर को प्राप्त कर सकते हंै। महाशिवरात्रि का अर्थ यह है कि महाशिवरात्रि भोग में नहीं भजन में गुजारो। गृहस्थी का अधिकांश सुख व खुशियां ब्रह्माचर्य व संयम पर निर्भर करता है। काम ही ज्ञान मार्ग में सबसे बड़ी बाधा है। काम को वश में करके जीवन में ज्ञान को प्राप्त किया जा सकता है और ज्ञान को मिटाया जा सकता है। जिस घर में काम है उसमें राम नहीं, जिसमें राम है उसमें काम नहीं। काम मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु है, वह मनुष्य को दूर ले जाता है और जीवन को बाहरी नश्वर संसार में भटकाता रहता है। काम मनुष्य को अंतर्मुखी नहीं होने देता, कामी व्यक्ति का अंत निश्चय से ही दुखदायी है। दुनिया काम को जगाना तो जानती है लेकिन इसको वश में करना नहीं जानती। काम को गुरू कृपा से जीता जा सकता है।
सफलता के लिए एकाग्रता जरूरी: भारती
सिरसा। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से आरपी सीनियर सैकेंडरी स्कूल खैरेकां में आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी ईश्वरी भारती ने बच्चों को परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए कुछ बेहतरीन सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि जैसे एक पिस्तौल से जब गोली निकलती है तो गन पाऊडर से बनने वाली ऊर्जा का एक दिशा में केंद्रित होना जरूरी है। यदि वह ऊर्जा केंद्रित न होकर अलग अलग दिशाओं में बिखर जाए, तो पिस्तौल से निकलने वाली गोली कभी भी लक्ष्य को नही भेद सकती। कहने का मतलब हमारा ध्यान हर समय चारों दिशाओं में बिखरा होता है। अत: किसी भी कार्य को सफलतापूवर्क करने के लिए एकाग्रता का होना बहुत जरूरी है। दूसरा शारीरिक व मानसिक स्थिति ठीक होनी चाहिए इसके लिए योगा, प्राणायाम और पोष्टिक भोजन ग्रहण करें। परंतु यहां एक मुख्य प्रश्र उठता है कि पूर्ण एकाग्रता कैसे हासिल करें। जब ब्रहमज्ञान की शश्वत विधि द्वारा ईश्वर में दिव्य प्रकाश का साक्षात्कार करते हैं तो यह प्रकाश एक शक्तिशाली चुंबक की भांति काम करता है। इस प्रकाश का संग करने पर विचारों के रूप में बिखरी हमारी समस्त ऊर्जा स्वत: ही इसमें केंद्रित होती चली जाती है। इस प्रकार हमारा अत: करण स्वच्छ निर्मल एवं समृद्ध बनता है। इस केंद्रित ऊर्जा सेफिर हम जो भी कार्य करते हैं उसमेें सफलता हमारे कदम चूमती है।गुरूद्वारे का निर्माण कार्य तेजी पर
सिरसा। गांव बाजेकां के रेलवे स्टेशन के ठीक सामने सरदार फार्म हाउस के नजदीक श्री गुरूद्वारा साहिब के नए भवन का निर्माण कार्य अत्यंत तेज गति से चलाया जा रहा है। क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भावनाओं और गुरू कृपा के मुताबिक चल रहे इस निर्माण कार्य में प्रतिदिन भारी संख्या में कार सेवक कार्य कर रहे हैं और जल्द से जल्द श्री गुरूद्वारा साहिब का भव्य रूप साकार हो रहा है। इस गुरूद्वारे का नामकरण श्री गुरूद्वारा नानकसर ठाठ किया गया है तथा गुरूद्वारे के मुख्य सेवक बाबा सुखदेव सिंह के मार्ग दर्शन में यहां पर श्री गुरू ग्रंथ साहिब का प्रकाश हो चुका है। प्रतिदिन भारी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। कार सेवा की कड़ी में 23 फरवरी वीरवार को रात्रि आठ बजे से 11 बजे तक भव्य कीर्तन पाठ आयोजित किया जाएगा और रागी जत्थे संगत को निहाल करेंगे।
उपायुक्त से मिली लेबर यूनियन
सिरसा। कालांवाली लेबर यूनियन के सदस्यों ने आज जिला उपायुक्त के नाम एक ज्ञापन सौंपकर लेबर को हक दिलवाने तथा धनाढय लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उपायुक्त कार्यालय पहुंचे कालांवाली लेबर यूनियन के सदस्यों रोहताश, कृष्ण, सुरेंद्र, सुखदेव सिंह, विजय, रमेश, महेंद्र इत्यादि ने बताया कि कालांवाली बस स्टेड के सामने हुडा के औद्योगिक क्षेत्र में वर्ष 1994 में लेबर रैनबसेरा की करीब 2000 वर्ग मीटर जमीन को लेबर वैल्फेयर ट्रस्अ को अलाट करके 2 वर्ष में रैन बसेरा बनाने की अनुमति दी थी लेकिन अभी तक रैन बसेरा नही बना है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों द्वारा लेबर वैल्फेयर बनाकर करोड़ों रुपए की जमीन को कब्जाने का काम किया जा रहा है।
कल्याणकारी योजनाओं के लिए 3 करोड 66 लाख वितरित
सिरसा। जिला में कल्याण विभाग द्वारा चलाई गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं केे तहत 1584 लाभार्थियों को जनवरी 2012 तक 3 करोड़, 66 लाख 94 हजार 313 रुपए की राशि वितरित की गई है। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त डा. जे. गणेसन ने बताया कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले अनुसूचित जाति/विमुक्त जाति के व्यक्तियों को मकान बनाने हेतु दी जाने वाली अनुदान राशि 10 हजार रुपए से बढ़ाकर 50 हजार रुपए की गई तथा मकान की मरम्मत के लिए 10 हजार रुपए का अनुदान देने का प्रावधान किया गया। इस योजना के तहत चालू वित्तवर्ष के दौरान गत जनवरी माह तक जिला में 53 व्यक्तियों को 26 लाख 50 हजार रुपए की राशि वितरित करके लाभान्वित किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि अनुसूचित जाति, विमुक्त/टपरीवास जातियों को मकान बनाने के लिए आवेदक का नाम गरीबी रेखा की सूची में दर्ज हो और उनका कच्चा मकान हो और खुद का प्लाट 3 या पांच मरले का हो।
शराब तस्कर व सट्टा खाइवाल दबोचे
सिरसा। जिला पुलिस द्वारा अनैतिक धंधा करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस ने विभिन्न स्थानों से शराब तस्करी व सट्टा खाईवाली करने के आरोप में 9 लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए लोगों से शराब बरामद कर उनके विरुद्ध संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। जिला की सीआईए सिरसा पुलिस ने गश्त व चैकिंग के दौरान कैलाश पुत्र भागीरथ निवासी देवरिया (बिहार) को 10 बोतल देसी शराब के साथ बरनाला रोड क्षेत्र से काबू किया। एक अन्य घटना में सीआईए सिरसा पुलिस ने सुच्चा सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी सिकंदरपुर को 21 बोतल देसी शराब के साथ उसी के गांव सिकंदरपुर से काबू किया। शहर थाना पुलिस ने संजय पुत्र जगदीश निवासी शक्तिनगर को 12 बोतल देसी शराब के साथ सामान्य अस्पताल सिरसा के पास से काबू किया। शहर थाना सिरसा पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर सट्टा खाईवाली करने के आरोप में अतुल पुत्र सुभाष निवासी चतरगढ़पट्टी को 255 रुपये की सट्टा राशि के साथ काबू किया है। शहर डबवाली थाना पुलिस ने रवि पुत्र रौनक राम निवासी मंडी डबवाली को 170 रुपये की सट्टा राशि के साथ जबकि पप्पी पुत्र सुखदेव सिंह निवासी मंडी डबवाली को 1150 रुपये की सट्टा राशि के साथ मंडी डबवाली से काबू किया। एक अन्य घटना शहर डबवाली थाना पुलिस ने सुरेन्द्र पुत्र प्रकाशचंद निवासी मंडी डबवाली को 190 रुपये की सट्टा राशि के साथ मंडी डबवाली से काबू किया। शहर डबवाली थाना पुलिस ने गश्त के दौरान शंटी उर्फ तरसेम पुत्र प्रेम कुमार निवासी मंडी डबवाली को सट्टा खाईवाली करने के आरोप में 245 रुपये की सट्टा राशि के साथ काबू किया।
नेशनल कॉलेज को कांडा ने दिए 11 लाख
सिरसा। प्रदेश में युवाओं को गुणवत्ता की उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरकारी व अनुदान प्राप्त महाविद्यालयों को उत्कृष्ट केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस योजना के प्रथम चरण में राज्य के 25 राजकीय और 45 सरकारी अनुदान प्राप्त महाविद्यालयों को उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित करने का कार्य किया गया है। यह बात हरियाणा के स्थानीय निकाय, गृह, उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री गोपाल कांडा ने आज स्थानीय राजकीय नेशनल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में अध्यापकों व छात्रों को सम्बोधित करते हुए कही। इस वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में गृह राज्यमंत्री ने खेल, शिक्षा व संास्कृतिक गतिविधियों में प्रतिभाशाली कुल 262 विद्यार्थियों को रोल ऑफ ऑनर व मैरिट सर्टीफिकेट प्रदान किए जिनमें 126 खेल के क्षेत्र में, एकेडमी के क्षेत्र में 105 विद्यार्थियों को तथा सांस्कृतिक के क्षेत्र में 31 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। उन्होंने समारोह में कॉलेज प्रशासन को महाविद्यालय के मुख्यद्वार के निर्माण व खेल के मैदान के लिए 11 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। कांडा ने कहा कि इस राशि से कॉलेज का गेट व कॉलेज में बने पार्क की दशा सुधारी जाए ताकि कॉलेज का सौंदर्यकरण हो सके। इससे पूर्व कॉलेज की प्राचार्या डा. सुमन गुलाब ने कॉलेज की वार्षिक गतिविधियों पर प्रकाश डाला और ईनाम प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ कॉलेज परिवार को बधाई दी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल, कॉलेज के रजिस्ट्रार प्रेम कम्बोज, इंद्रजीत, उपप्राचार्य वीपी गुप्ता, सूरत सैनी, राजेंद्र मकानी व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
आग से झुलसने पर पुलिसकर्मी की मौत
सिरसा। नाथुसरी चोपटा खंड के गांव गिगोरानी में अवकाश पर घर आए एक पुलिस कर्मी की अचानक कमरे में आग लगने से मौत हो गई। मिली जानकारी अनुसार गांव गीगोरानी वासी राजकुमार पुत्र हरिसिंह जो कि पेशे से पुलिसकर्मी है और हांसी के सदर थाना में तैनात है। राजकुमार तीन दिन पूर्व थाने से अवकाश लेकर घर आया हुआ था। बीती रात वह अपने कमरे में सोया हुआ था वहीं उसी कमरे में नरमा भी पड़ा था। परिजनों के मुताबिक रात को लगभग 9 बजे उक्त कमरे से कुछ शोर हुआ जिससे वे भागकर कमरे में गये जहां पर जाकर उन्होनें देखा कि नरमें में आग लगी हुई थी और राजकुमार आग की लपटों से घिरा हुआ था। परिजनों ने राजकुमार को सिरसा के एक निजी हस्पताल में भर्ती करवाया जहां पर आज सुबह उसने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई के अनुसार राजकुमार फिलहाल हांसी के सदर थाना में कार्यरत था। उसके 3 बच्चे हैं जिनमें दो लड़कियां व एक लड़का शामिल हैं। मामले में कार्यवाही कर रही चौपटा पुलिस के प्रभारी हीरासिंह ने बताया कि उन्होनें मृतक के भाई के बयान पर भारतीय दंड संहिता की धारा 174 के तहत कार्यवाही की है।
हनीप्रीत की एफआईआर पर पुलिस ने किया चालान पेश
सिरसा। डेरा मुखी की शाही बेटी हनीप्रीत कौर केस में पुलिस ने आज सीजेएम कोर्ट में चालान पेश कर दिया। इस दौरान विश्वास गुप्ता भी कोर्ट में पेश हुए। एसीजेएम सीमा सिंघल की गैरहाजिरी में पुलिस को सीजेएम कोर्ट में चालान पेश करना पड़ा। गुप्ता ने पुलिस द्वारा पेश किए चालान की कॉपी प्राप्त की। कल यह केस एक बार फिर सेशन कोर्ट में जाएगा। गौरतलब है कि डेरा प्रमुख की शाही बेटी हनीप्रीत कौर ने अपने पति विश्वास गुप्ता व सास-ससुर के खिलाफ सदर थाने में गंभीर आरोपों के तहत केस दर्र्ज करवाया था। इसके बाद यह केस एडीजे नीलिमा शांगला की कोर्ट में आया पर नीलिमा शांगला ने इस केस में फैसला सुनाने से इंकार कर दिया और केस सेशन कोर्ट में वापस भेज दिया। सेशन कोर्ट ने भी इस केस की सुनवाई नहीं की और यह मामला जा पहुंचा फास्ट टै्रक कोर्ट में। फास्ट ट्रेक कोर्र्ट ने गुप्ता परिवार को राहत देते हुए अग्रिम जमानत दे दी। अब सदर पुलिस ने कोर्ट में चालान पेश कर दिया है। कल सेशन कोर्ट में यह केस चला जाएगा और देखना होगा कि सेशन कोर्ट स्वयं अपने पास यह केस रखेगा या एडीजे नीलिमा शांगला या एडीजे सुक्रमपाल को सौंप देगा। कोर्ट पहुंचे विश्वास गुप्ता ने एक बार फिर दोहराया कि दबाव में आकर सदर पुलिस ने यह झूठा केस दर्ज किया है। विश्वास गुप्ता ने कहा कि कोर्ट समक्ष तमाम सबूत पेश किए जा चुके हैं जिनके आधार पर साफ हो जाता है कि ये मामला झूठा है। कोर्ट ने भी इन सबूतों के आधार पर अग्रिम जमानत दी है।
जलाभिषेक को तरसे कावडिय़े
सिरसा। कंगनपुर व ऑटो मार्केट लिंक रोड पर बने शिव मंदिर के रास्ते को लेकर उठा विवाद अभी शांत नहीं हुआ है। शिवरात्रि पर भोले को चढ़ाने के लिए हरिद्वार से लाई गई कांवड़ भी अभी तक नहीं चढ़ाई गई है तथा कांवडिय़ों की भूख हड़ताल चल रही है। सोमवार को कांवडिय़ों को मनाने तथा रास्ते को लेकर चल रहे विवाद को निपटाने के लिए दिनभर प्रयास चलता रहा। इस प्रयास के बीच मंदिर को जाने वाले रास्ते में प्रशासन की ओर से जो दीवार खड़ी की गई थी, उसे दो बार तोड़ी गई मगर आज फिर से दीवार लगा दी गई है। समाचार लिखे जाने तक कांवडिय़ों की भूख हड़ताल चल रही थी और हरिद्वार से लाई गई कांवड़ भी शिव के चरणों में चढऩे का इंतजार कर रही थी।
पांच दिन बाद उठा सकते हैं खतरनाक कदम
भूख हड़ताल पर बैठे सतीश शर्मा व बंटी वर्मा ने आज कहा कि उन्होंने प्रशासन को पांच दिन का समय दिया है। इस अवधि में मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते को खोलकर प्रशासन की ओर से लिखित में अनुमति नहीं दी गई तो वे उसके बाद कोई खतरनाक कदम भी उठा सकते हैं। उनका कहना है कि वे तब तक कांवड़ नहीं चढ़ाएंगे, जब तक प्रशासन लिखित में विवाद का अंत नहीं करता।
धर्मप्रेमियों ने जताया रोष
मर्यादा सेवा संस्थान के प्रधान वैद्य महावीर प्रसाद ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि प्रशासन ने महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में बड़े नाजुक मुद्दे को छेड़ा है। पूरे देश में कल शिवरात्रि पर्व पर कांवड़ चढ़ी है पर श्री गणेश धर्मार्थ न्यास मंदिर में कांवड़ चढऩे का इंतजार कर रही है जो शिवभक्तों की भावना के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि यह सब प्रशासन की सोची-समझी नीति के तहत हुआ है ताकि शिवभक्तों की धार्मिक भावना को ठेंस पहुंचाई जा सके। श्री गणेश धर्मार्थ न्यास मंदिर व संस्थान के सदस्य खेमचंद गोठवाल ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि यही काम अगर दूसरी बिरादरियों के लोग करते तो प्रशासन चूं तक नहीं करता। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि अंबेडकर चौक के पीछ झूंथरा धर्मशाला है, वहां जीटी रोड पर 30 फीट कब्जा किया हुआ है मगर प्रशासन की हिम्मत नहीं है कि वह अवैध कब्जा को हटवाए जबकि वहां पक्के पिल्लर लगाकर अतिक्रमण किया हुआ है। यह सब प्रशासन की नाक के नीचे हो रहा है पर प्रशासन मौन है,जबकि शिव मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते को रोक दिया है। इसी प्रकार मर्यादा सेवा संस्थान के सदस्य लक्ष्मी नारायण स्वामी ने कहा कि बड़े दुख की बात है कि महाशिवरात्रि जैसे पवित्र पर्व पर भोले शंकर को हर साल कांवड चढ़ती थी, पर इस बार नहीं चढ़ी। कांवड़ शिव के चरणों में चढऩे का इंतजार कर रही है। पंडित गोवर्धनदास ने कहा कि ये काम प्रशासन को करना ही था तो शिविरात्रि के बाद कर सकते थे। यह सब जान बुझ कर किया है। उन्होंने कहा कि इस मंदिर से पूरे इलाके के लोगों की धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है जिस कारण लोगों में आक्रोश है। एमएस सोलंकी ने चेतावनी दी है कि प्रशासन जब तक यहां आकर रास्ता देने की घोषणा नहीं करता, मंदिर में कोई प्रवेश नहीं करेगा। ब्राह्मण सभा के प्रधान सत्यनारायण शर्मा ने भी आज मौके पर जाकर कांवडिय़ों से बातचीत की और कहा कि जहां पर किसी देवता की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा हो जाती है, वहां सुबह-शाम पूजा-अर्चना जरूरी है। इसलिए प्रशासन को शिव मंदिर में जाने के लिए भक्तों को वैध रास्ता देना चाहिए ताकि शिव की पूजा निर्बाध रूप से होती रहे।
चोरी और जाम, पुलिस नाकाम
सिरसा। शहर में इन दिनों चोरी, लूट व अन्य आपराधिक घटनाओं में एकाएक इजाफा हो रहा है। वहीं पुलिस अभी तक अंधरे में तीर चला रही है। पुलिस अधीक्षक दवेंद्र यादव को जिला का पुलिस अधीक्षक का पदभार संभाले करीब चार माह होने को है। उनके कार्यकाल संभालने के कुछ दिनों बाद तक तो यूं लग रहा था मानो कानून व्यवस्था चाक चौबंद हो गई है तथा आपराधिक घटनाओं का ग्राफ गिर गया है। परंतु अब फिर से वहीं स्थिति हो गई है। पिछले तीन चार दिनों में शहर में चोरी की अनेक वारदातें हो चुकी है। सोमवार रात भी चोरों ने परशुराम चौक स्थित सिंगला टायर की दुकान को निशाना बनाकर तीन आक्सीजन के सिलेंडर चुरा ले गए। इसके साथ ही बी ब्लाक स्थित एक मकान में से हजारों रुपए की नकदी व 5 सिलेंडर चुरा ले गए। वाल्मीकि चौक के निकट स्थित रोहताश साईकिल नामक दुकान का ताला तोड़कर उसमें खड़ा एक रिक्शा चुराने सहित अनेक घटनाए घटित हुई है। इससे पूर्व गत रात्रि लालबत्ती चौक के निकट स्थित एक कंप्यूटर शॉप का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपए के कंप्यूटर उपकरण चुरा ले गए थे। इसी मार्ग पर एक होटल के बाहर खड़ी गाडी चोरी होने सहित इन दो तीन दिनों में चोरी की करीब आधा दर्जन से अधिक वारदातें हो चुकी है। परंतु पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
नही सुलझी लूट की वारदातें और न पकड़े गए पुलिस गिरफ्त से भागे आरोपी
भले ही पुलिस तंत्र चुस्त दुरूस्ती के दावे कर रहा हो। परंतु क्षेत्र में हुई चोरी, लूट, वाहन चोरी इत्यादि की अनेक गुत्थी आज भी पहली बनी हुई है। कुछ माह पूर्व डबवाली में हुई लूट की गुत्थी अनसुलझी है। इसके साथ ही कई माह पहले बडागुढा पुलिस की गिरफ्त से फरार हुए बलात्कार के आरोपी का सुराग तो अभी लगा ही नही था चौटाला पुलिस चौकी की गिरफ्त से भागा कातिलाना हमला करने का आरोपी कुलदीप तक भी अभी पुलिस के लंबे हाथ नही पहुंच पाए है।
फुटपाथों के बंद कट बने परेशानी का सबब
पुलिस अधीक्षक महोदय ने शहर की यातायात व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए शहर के मुख्या बाजारों में सड़कों के बीच बने फुटपाथों के कट बंद करवा दिए इसके साथ ही परशुराम चौक, जगदेव सिंह चौक इत्यादि चौकों पर लोहे की जंजीरें लगावा दी। इन सबके बावजूद शहर के बाजारों में अभी भी जाम की स्थिति बनी रहती है। रोड़ी बाजार, हिसारिया बाजार, भादरा बाजार इत्यादि से गुजरना दुभर है। पुलिस प्रशासन द्वारा रेलवे ओवरब्रिज से उतरते समय हिसार रोड पर बने फुटपाथ को बंद करवाए जाने के बाद बरनाला रोड की तरफ आने जाने वाले वाहनों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ती है।
Subscribe to:
Posts (Atom)




